जीएसटी दरों के कम होने से वस्तुएं सस्ती होंगी, आम उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति बढ़ेगी - वित्त मंत्री
- सुरेश कुमार खन्ना ने प्रदेश में जीएसटी की दरों में कमी का लाभ सीधे उपभोक्ताओं को मिले, यह जानने के लिए अमीनाबाद मार्केट पहुंचकर दुकानदारों एवं व्यापारियों से मुलाकात की
- वित्त मंत्री ने आम उपभोक्ताओं को घटायी गयी जी0एस0टी0 दरों का लाभ देने के लिए कारोबारी व व्यापारियों से अपील की
ताज हिन्द संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रदेश में जीएसटी की दरों में कमी का लाभ 22 सितम्बर से सीधे आम जनता को मिले, यह जानने के लिए उन्होंने सोमवार को लखनऊ के अमीनाबाद मार्केट पहुंचकर वहां के दुकानदारों एवं व्यापारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कारोबारियों और ग्राहकों से संवाद कर जी0एस0टी0 की नई दरों पर उनकी प्रतिक्रिया जानी। व्यापारियों एवं ग्राहकों में जीएसटी की नई दरों में कमी को लेकर काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को अपनाये, स्वदेशी में संतुष्टि ज्यादा है। सभी व्यापारी स्वदेशी वस्तुओं को बेचने और उपभोग पर अधिक जोर दें।
वित्त मंत्री ने कहा कि शारदीय नवरात्रि के पहले दिन प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में जी0एस0टी0 की कम दरों को पूरे देश में लागू कर दी गई हैं। जी0एस0टी0 में यह अब तक का सबसे बड़ा रिफॉर्म है। कई वस्तुओं और सेवाओं में कर की दरों को पांच प्रतिशत या शून्य कर दिया गया है। उन्होंने अपील की कि इसका लाभ आम उपभोक्ताओं को मिले, इसके लिए कारोबारी व व्यापारी डबल इंजन सरकार द्वारा घटायी गयी जी0एस0टी0 दरों का लाभ ग्राहकों को उपलब्ध कराएं। कीमतों में कमी आने से वस्तुओं की बिक्री में वृद्धि होगी, जिसके परिणामस्वरूप कारोबार और बाजार में मजबूती आयेगी। इण्डस्ट्री का पहिया तेजी से घूमेगा और रोजगार बढ़ेगे। इस प्रकार देश एवं प्रदेश की आर्थिक स्थिति में मजबूती आयेगी।
वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि जी0एस0टी0 सुधार प्रधानमंत्री जी की ओर से देशवासियों को दीपावली का उपहार है। जी0एस0टी0 की घटी दरें रोजगार बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी। इन दरों के कम होने से वस्तुएं सस्ती होंगी, इससे आम उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति बढ़ेगी। क्रय शक्ति बढ़ने से मांग बढ़ेगी। मांग बढ़ने से खपत में वृद्धि होगी, जिसके परिणामस्वरूप उत्पादन बढ़ेगा और उत्पादन बढ़ने से नए रोजगार सृजित होंगे।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने राजधानी के जनपथ मार्केट में व्यापारियों से किया संवाद
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आज राजधानी लखनऊ स्थित जनपथ मार्केट में भ्रमण कर व्यापारीगणो से संवाद किया।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी घटाने पर सभी व्यापारी इस अवसर को जीएसटी उत्सव के रूप में मना रहे हैं। जिसके क्रम में उप मुख्यमंत्री ने भी उनके उत्सव में शामिल होकर, उनकी खुशी सांझा की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी की दरें घटा कर केंद्र सरकार ने सभी देशवासियों को एक अनमोल उपहार दिया है। जीएसटी घटने से बाजार की कई आवश्यक वस्तुएं सस्ती हुई हैं और इससे आम आदमी के क्रय के दायरे में आई है। उन्होंने कहा कि आज पवित्र नवरात्रि का प्रारंभ हुआ है। आने वाले दिनों में कई पवित्र त्योहार पड़ेंगे, जिसमें दशहरा, दीपावली, छठ पूजा प्रमुख हैं। इन त्यौहारों में सभी लोग अधिकाधिक मात्रा में खरीददारी करते हैं। घटी जीएसटी से और अधिक मात्रा में खरीददारी करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि लोग इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक स्वदेशी वस्तुएं की खरीद करें।
स्वदेशी के प्रोत्साहन से हमारे एमएसएमई को प्रोत्साहन मिलेगा। हमारे स्थानीय उत्पादों को विस्तृत बाजार मिलेगा। इससे हमारी उत्पादकता और आय दोनों बढ़ेंगी।
श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वदेशी अपनाकर देश की अर्थ व्यवस्था तेजी से आगे बढ़ेगी जिससे 2047तक भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य हासिल होगा।
What's Your Reaction?