गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने राष्ट्रभक्ति, सेवा और समर्पण का किया प्रदर्शन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने शस्त्र पूजन और पथ संचलन के साथ मनाया विजयादशमी उत्सव

Oct 4, 2025 - 23:39
 0  8
गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने राष्ट्रभक्ति, सेवा और समर्पण का किया प्रदर्शन

ताज हिन्द संवाददाता
प्रयागराज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस और विजयादशमी उत्सव  कार्यक्रम प्रयाग विभाग में मनाया जा रहा है। शताब्दी वर्ष के अंतर्गत शनिवार को भी कई नगरों की बस्तियों में विजयदशमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने राष्ट्रभक्ति, सेवा और समर्पण का प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यक्रम की शुरुआत योग और व्यायाम से हुई। प्रयाग दक्षिण में न्याय नगर की राजापुर बस्ती का विजयदशमी उत्सव कार्यक्रम विवेकानंद शाखा चिल्ड्रेन ट्रैफिक पार्क में आयोजित हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों ने शस्त्र पूजन किया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक सुनील जी ने कहा कि संघ की सौ वर्षों की यात्रा का वर्णन किया।

उन्होंने समाज को संगठित कर राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए संघ द्वारा किए जा रहे पंच परिवर्तन कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नैतिक कर्तव्य और स्वबोध पर विस्तार से प्रकाश डाला।कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सराहनीय कार्य से विश्व भर में भारत का गौरव बढ़ा है। नगर संघचालक उदय प्रकाश तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डा हेडगेवार ने सत्रह लोगों के साथ मिलकर संघ की स्थापना सौ वर्ष पूर्व की। यह दिन केवल एक उत्सव ही नहीं, बल्कि धर्म, सत्य और साहस की विजय का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान एकल गीत, अमृत वचन और प्रार्थना की गई। इस मौके पर नगर कार्यवाह श्याम नारायण राय, अपर महाधिवक्ता अशोक मेहता, मुख्य स्थाई अधिवक्ता शीतला प्रसाद गौड़, के एन कुमार, भाग अपार्टमेंट प्रमुख मनीष जायसवाल, सुरेंद्र राम, पूर्व प्रदेश निरीक्षक आत्मानंद सिंह और बाल स्वयंसेवक अथर्व समेत 80 गणवेशधारी स्वयंसेवक सहित 150 लोग उपस्थित रहे।
इसी प्रकार रज्जू भैय्या नगर में दो बस्तियों पर विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन किया गया। दुर्गा बस्ती का कार्यक्रम हाथी गेट के पास, राजरूपपूर और अम्बेडकर बस्ती का कार्यक्रम 60 फिट रोड, संघ स्थान पर आयोजित हुआ। इस मौके पर शस्त्र पूजन के साथ साथ निर्धारित स्थान पर गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने संयुक्त रूप से पथ संचलन भी निकाला। दुर्गा बस्ती में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नगर कार्यवाह भूपेंद्र ने  संघ के सौ वर्षों की उपलब्धियों की चर्चा की। जबकि अध्यक्षता वीरेंद्र जायसवाल ने की। आंबेडकर बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता क्षेत्रीय शिशु वाटिका प्रमुख विजय उपाध्याय ने कहा कि संघ के सौ वर्ष केवल संगठन की यात्रा नहीं है, बल्कि यह समाज जीवन में संस्कार, एकता और शक्ति जागरण का शताब्दी पर्व है। कार्यकम में नगर संघचालक रवि प्रकाश, नगर कार्यवाह भूपेंद्र, सह नगर कार्यवाह रविनाथ, अम्बरीष, विजय समेत तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नारी शक्ति को राष्ट्र निर्माण के लिए किया गया प्रेरित

प्रयागराज। राष्ट्र सेविका समिति प्रयागराज महानगर द्वारा शनिवार को ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सिविल लाइंस में शस्त्र पूजन एवं विजयादशमी उत्सव (युगाब्द 5127) का आयोजन भव्यता के साथ किया गया। समिति के स्थापना दिवस (सन 1936) के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। समारोह का शुभारंभ भगवा ध्वज आरोहण एवं माँ दुर्गा के शस्त्रों के पूजन से हुआ। पूर्ण गणवेशधारी सेविकाओं ने घोष वादन और अनुशासित पथ संचलन द्वारा संगठन शक्ति और आत्मरक्षा का सशक्त संदेश दिया। मुख्य वक्ता सह संपर्क प्रमुख काशी प्रान्त मंजू दरबारी ने कहा कि विजयदशमी का पर्व सत्य की असत्य पर तथा धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है। नारी शक्ति ही राष्ट्र की आधारशिला है और उसका शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक रूप से सशक्त होना आवश्यक है। उन्होंने समिति के तीन आदर्शों मातृत्व, कर्तृत्व और नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सेविकाओं से समाज के सकारात्मक परिवर्तन के लिए सक्रिय होने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ रेनू बोनाल ने की। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को समय की आवश्यकता बताया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च न्यायालय की अधिवक्ता स्वाति अग्रवाल उपस्थित रहीं। सेविकाओं ने योग, व्यायाम और देशभक्ति से ओत प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन उत्तर भाग बौद्धिक प्रमुख रंजना सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विभाग कार्यवाहिका प्रयागराज विभाग प्रिया तिवारी ने किया। समारोह का समापन वंदे मातरम् के गान के साथ हुआ। इस अवसर पर काशी प्रांत व्यवस्था प्रमुख ऊषा मिश्रा, मोमी डे, सुलोचना, सुधा, संध्या,  सीमा प्रकाश, आशा, रीना मिश्रा, अंजलि, भावना समेत तमाम सेविकाएं उपस्थित रहीं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow